Menu
blogid : 11793 postid : 14

कुछ सकारात्मक बातें व्यक्तित्व विकास के लिए

Indradhanush
Indradhanush
  • 52 Posts
  • 173 Comments

अक्सर बाहरी सुन्दरता को अच्छा व्यक्तित्व समझ लिया जाता है मगर मैंने महसूस किया है सिर्फ सूरत ही नहीं बल्कि सीरत अच्छे व्यक्तित्व के लिए ज्यादा जरूरी होता है | कुछ लोग बहुत सुन्दर दिखते हैं लेकिन हमारे मन पर अपना गहरा प्रभाव नहीं छोड़ते वहीँ कुछ लोग दिखते तो बहुत साधारण से हैं मगर हमारे मन पर अपनी गहरी छाप छोड़ते हैं | चेहरे पर मधुर मुस्कान,व्यवहार में शिष्टाचार और बातचीत करने का सलीका हमारे व्यक्तित्व की एक ख़ास पहचान बनाता है | हर इंसान में कुछ-न-कुछ खासियत होती है, जरूरत इस बात की होती है कि उसे कैसे निखारा जाये | सबसे पहले खुद पर ध्यान केन्द्रित करें, अपनी कमियों को इस तरह ढूंढें जैसे अपने शत्रु को ढूंढ रहे हों और उन्हें दूर करने का प्रयास करें | मुझे लगता है कि अपनी पहचान वही लोग बना पाते हैं जो खुद को अच्छी तरह पहचानते हैं |
खूबसूरत व्यक्तित्व आपके सकारात्मक सोंच पर निर्भर करती हैं जिन्दगी में सकारात्मक और अच्छी बातों को जगह दें और उन बातों को अपनी जिन्दगी से निकाल दें जो तकलीफ देते हैं | तनाव एक नकारात्मक विचार से शुरू होता है, इन पर दृढ इच्छाशक्ति से काबू पाया जा सकता है | जब अक्सर तनाव और निराशा महसूस हो उन पुरानी वस्तुओं को जिनसे हमारी भावनाएं बंधी होती हैं और वर्तमान समय में जिनकी कोई जरूरत नहीं होती उन्हें हटा देना अच्छा है | ठीक इसी तरह हमें किसी की कही कोई बात चुभ जाए तो सालों उस बात को अपने दिल से लगाये रखते हैं | ऐसा नहीं करना चाहिए उन बातों को अपने मन से निकाल दें, नयी चीजों और नए विचारों को जगह दें |
अगर आप उन लोगों के बारे में सोंच कर दुखी होते हैं जो आपसे आगे निकल गए तो इस वजह से अपनी क्षमताओं पर से भरोसा न खोएं न ही उम्मीद का दामन छोड़े | अपनी सोंच और काम करने के तरीके में बदलाव लायें और जीत को ध्यान में रखकर कर्म करें, आपके लिए सबकुछ करना संभव है | यह सोंचे कि जो लोग आपसे आगे निकल गए उनको अनुकूल परिस्थितियां भी मिली | सबकी परिस्थिति अलग-अलग होती है अगर आपकी परिस्थिति आज अनुकूल नहीं है तो प्रयासरत रहने से कल जरूर अनुकूल हो जाएगी | सफल होने का विशवास ही आपको सफल बनाएगा |
सकारात्मक सोंच का एक और महत्त्वपूर्ण पहलू है-आत्मसम्मान | दूसरों को सम्मान और प्यार वही दे सकते हैं जो खुद का सम्मान और खुद से प्यार करे | जो लोग खुद को अच्छी तरह समझते हैं वो दूसरों को भी अच्छी तरह समझ पाते हैं |
किसी भी निराशावादी परिस्थिति से बचने की बजाय उसका डटकर सामना और मुकाबला करें | हर तरह की न का अंत करें | नए विकल्प तलाशें क्योंकि उम्मीद हीं जीवन की सबसे बड़ी पूँजी है | अपनी गलतियों से सबक लें, उन्हें सुधारने की कोशिश करें | साथ हीं उस समय का मनन करें जब आप सफल हुए थे, आप अच्छा महसूस करेंगे और आपका खुद पर विश्वास कायम रहेगा |
ज्यादातर लोगों को कार्य अधिक होने और समय न मिलने की शिकायत रहती है, अपने समय और कार्य के बीच सामंजस्य स्थापित करें | समय का प्रबंधन करें एवं हर कार्य के लिए समय निर्धारित करें | कार्य की प्राथमिकता के आधार पर निश्चित समय-सीमा तय करें और उसे अनुशासित तरीके से करें |
जिसे आप अपना दोस्त समझ रहें हैं कहीं वह आप पर नकारात्मक प्रभाव तो नहीं डाल रहा है, इनसे खुद को दूर रखें | ऐसे लोगों का साथ खोजिये जो आपको अपने लिए सोचने और कार्य करने को प्रेरित करे | आपको समझे और आपका आत्म-विश्वास बढ़ाये | आप भी औरों को प्रोत्साहित करें कि वो आपसे अपनी परेशानी बांटे जितनी भी मदद आपसे बन पड़े करें, उसके प्रति अपना विश्वास व्यक्त करें | सकारात्मक बातों से उसका मनोबल बढ़ाएं, आपको अद्भुत ख़ुशी महसूस होगी | आपका सिर्फ एक चीज पर पूरा नियंत्रण है और वह है आपके विचार | भौतिक वस्तुओं से ज्यादा अपने मस्तिष्क की शक्ति को अहमियत दें क्योंकि आध्यात्मिक सम्पति ही वास्तविक सुख और शांति प्रदान करती है | किसी के भी प्रति इर्ष्या या मनमुटाव आपके मन में कटुता भरते हैं, इनका त्याग करें | स्वयं को पाने के लिए ध्यान करें, प्रार्थना करें |
व्यक्तित्व के विकास के लिए रहन-सहन की भी महत्वपूर्ण भूमिका होती है | अच्छा दिखना भी अच्छे व्यक्तित्व के लिए अहमियत रखता है इसलिए अपने व्यक्तिगत हुलिए के प्रति लापरवाह न रहें | आप अच्छा महसूस करेंगे जब आप अच्छे दिखेंगे | खुद पर थोड़ा सा ध्यान देकर कोई भी हर उम्र में अच्छा दिख सकता है | उम्र और मौके के हिसाब से कपड़ो का चयन करें, ऐसे डिजायन और रंग के कपड़े पहने जो आप पर फबे | हर उम्र में खुद को मेंटेन रखें |
अपने लिए समय जरूर निकालें, इस समय वो कार्य करें जिसमे आपको ख़ुशी मिलती है चाहे वो मनपसंद संगीत सुनना हो,चाहे किताबें पढ़ना या किसी से बातें करना | मन को सुकून देने वाले संगीत सुने और उत्साह बढ़ाने वाली किताबें पढ़ें | जिंदगी खूबसूरत है और इसका एक-एक पल कीमती है, हर पल पर आपका हक है इसे पूरी ईमानदारी एवं जिन्दादिली से जियें | अपने व्यक्तित्व को निखारना आपके अपने हाथों में है, अपने व्यक्तित्व को प्रभावशाली एवं जिंदगी को खूबसूरत बनायें |

Read Comments

    Post a comment

    Leave a Reply